चंडीगढ़ 30 सितम्बर । हरियाणा में सरकारी धन से जुड़े कथित 504 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 6 IAS अधिकारियों समेत 19 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि सरकारी विभागों की जमा राशि निजी बैंक में स्थानांतरित करने के दौरान वित्तीय नियमों की अनदेखी की गई और अधिकारियों तथा बैंक कर्मचारियों के बीच कथित मिलीभगत से अनियमितताएं हुईं।CBI की चार्जशीट में हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, सरकारी धन को बैंक में जमा कराने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं और वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों का कथित उल्लंघन किया गया।
![]()
मामले में अधिकारियों को कथित अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं। चार्जशीट के मुताबिक, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के तत्कालीन अध्यक्ष विनीत गर्ग को दीपावली से पहले 50-50 ग्राम के दो सोने के सिक्के दिए जाने का आरोप है। वहीं, तत्कालीन अधिकारी पंकज अग्रवाल के संबंध में जीरकपुर के एक होटल में आयोजित पार्टियों का उल्लेख किया गया है। CBI का आरोप है कि इन आयोजनों का खर्च निजी बैंक के तत्कालीन अधिकारी ने उठाया था।जांच एजेंसी ने पंचकूला नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राम कुमार सिंह से जुड़े कथित नकद लेनदेन का भी उल्लेख किया है। आरोप है कि जनवरी 2026 में उनके आवास पर 50 लाख रुपये पहुंचाए गए और उनकेबेटे को दो करोड़ रुपये दिए गए
CBI के अनुसार, हरियाणा के आठ सरकारी विभागों और संस्थानों की जमा राशि में कथित अनियमितताएं सामने आई हैं। चंडीगढ़ प्रशासन से जुड़े दो संस्थानों को शामिल करने पर मामले की कुल राशि लगभग 657 करोड़ रुपये बताई गई है।जांच एजेंसी ने मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार से संबंधित आरोप लगाए हैं। हालांकि, चार्जशीट में नाम शामिल होना दोष सिद्ध होने के समान नहीं है। सभी आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।









