गुरुग्राम, 18 सितंबर। गत दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा गुरुग्राम जिला के रामनगर मंडल तथा गीता भवन, सेक्टर-4 में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 315 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जबकि सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाकर चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।भाजपा गुरुग्राम जिला के रामनगर मंडल में मंडल अध्यक्ष अनिल सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 126 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की। स्वास्थ जांच शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए रक्तदाताओं एवं स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

भाजपा गुरुग्राम चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. परमेश्वर अरोड़ा के नेतृत्व में गीता भवन, सेक्टर-4 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 189 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, वहीं सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाकर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया।चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं एवं चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी और रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रदर्शित किया।गीता भवन सेक्टर-4 में आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने भी शिविर में उपस्थित होकर रक्तदाताओं, आयोजकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने रामनगर मंडल अध्यक्ष अनिल सैनी, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. परमेश्वर अरोड़ा, शिविर में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं तथा सभी रक्तदाताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने और जनकल्याण की भावना को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि मैं स्वास्थ जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजनकर्ताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को भी साधुवाद देता हूं, जिन्होंने इस पुनीत कार्य को सफल बनाने के लिए मेहनत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान को उत्सव, सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के रूप में मनाएं।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला सचिव निधि मल्होत्रा, जिला मीडिया सह प्रभारी वरुण चौहान एवं अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।








