गुरुग्राम, 19 नवंबर । गुरुग्राम पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अमेरिका और कनाडा के नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित M3M Digital Green Building में चल रहे इस कॉल सेंटर से 12 युवकों और 5 युवतियों समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खुद को Apple Customer Service का प्रतिनिधि बताकर विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बनाते थे।
फर्जी पॉप-अप अलर्ट भेजकर फंसाते थे लोगों को
पुलिस के अनुसार, आरोपी सबसे पहले अमेरिका में iPhone इस्तेमाल करने वाले लोगों के मोबाइल पर फर्जी पॉप-अप अलर्ट भेजते थे। इसमें दावा किया जाता था कि उनके Apple Account से 5,000 अमेरिकी डॉलर का ट्रांजेक्शन हो रहा है। इसे रद्द कराने के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करने को कहा जाता था। कॉल आने पर आरोपी MicroSIP Application के जरिए खुद को Apple Customer Service का प्रतिनिधि बताते थे। इसके बाद पीड़ितों को उनके अकाउंट के हैक होने का डर दिखाकर TeamViewer और ConnectWise जैसे रिमोट एक्सेस एप्लिकेशन डाउनलोड करवाते थे। इनके जरिए मोबाइल का एक्सेस लेकर निजी जानकारी हासिल की जाती थी और Additional Security के नाम पर 500 से 1,000 अमेरिकी डॉलर तक की ठगी की जाती थी। ठगी की रकम गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से प्राप्त की जाती थी।
दिल्ली से गुरुग्राम तक फैला था नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले दो महीने से M3M Digital Green Building में कॉल सेंटर चला रहे थे। इससे पहले करीब छह महीने तक उद्योग विहार और उससे पहले दिल्ली में इसी तरह की गतिविधियां संचालित कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क के मुख्य संचालकों के रूप में दिल्ली निवासी चिरगुदीन और शुभम के नाम सामने आए हैं। कॉल सेंटर में काम करने वाले आरोपियों को 30 हजार से 50 हजार रुपये तक मासिक वेतन और कमीशन दिया जाता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हजारों विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बनाने और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
गुप्त सूचना पर छापेमारी, 17 आरोपी गिरफ्तार
19 नवंबर को साइबर अपराध दक्षिण थाने की टीम को M3M Digital Green Building में फर्जी कॉल सेंटर चलने की सूचना मिली थी। निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। मौके पर 12 युवक और 5 युवतियां कंप्यूटर पर हेडफोन लगाकर अंग्रेजी में बातचीत करते मिले। पुलिस द्वारा कंपनी रजिस्ट्रेशन, पेमेंट के माध्यम, डेटा के स्रोत और टेलीकम्युनिकेशन लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश भारती, अनिमेष शर्मा, पैट्रिक रॉय, करण कुमार, एडी नगमलाई, आशीष, तुषार मेहता, सूरज बरुई, अंकुश कुमार, रितिक प्रजापति, सुखदीप सिंह, अनीस मलिक, जंगमलू पानमेई, चुइमेनाओ शिंगलाई, लीमा कैथरीन, सैयदा फरदौ मेहफी और शाजिया खान के रूप में हुई है। ये आरोपी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड और असम के रहने वाले हैं। इनकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है।
17 कंप्यूटर और अन्य उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 कंप्यूटर (PC), 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में साइबर अपराध दक्षिण थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319 और 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 43, 66, 66D और 75 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब ठगी की कुल रकम, विदेशी पीड़ितों की संख्या, लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।







