जिला में परिवर्तन की लहर का संचार करेगा कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन : प्रदीप गुलिया जोगी
भिवानी, 12 सितंबर : स्थानीय हुड्डा पार्क के सामने 13 सितंबर को आयोजित होने वाले भिवानी ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस सम्मेलन को बेहद अहम माना जा रहा है। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने के साथ उनमें नया जोश भरेंगे। सम्मेलन को भव्य बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं। इस सम्मेलन में अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व मंत्री राव दान सिंह, बादली विधायक कुलदीप वत्स, कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल व ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी शिरकत करेंगे।
वही सम्मेलन की अध्यक्षता शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी की रहेगी। शनिवार को कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने हुड्डा पार्क के सामने स्थित कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पांडाल की क्षमता, मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, कार्यकर्ताओं के बैठने के प्रबंध और पार्किंग व्यवस्था को लेकर आयोजकों एवं संबंधित कमेटियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तैयारियों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि 13 सितंबर का यह ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन भिवानी की राजनीति में एक नया इतिहास रचेगा। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा जब भिवानी की धरा पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचेंगे, तो पूरे जिले में परिवर्तन की एक नई लहर दौड़ जाएगी। इस मौके पर कांग्रेस भिवानी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने कहा कि सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में अभूतपूर्व उत्साह है। यह महज एक कार्यकर्ता बैठक नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की आने वाली सरकार का शंखनाद होगा। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयार है। इस अवसर पर उनके साथ समीर खटीक, रवि सालेंकी, शिवकुमार धानक, राजू तोगडिय़ा, सुनील शर्मा, निकू सिहंमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।








