ईपीएफओ वेतन सीमा बढ़कर 25 हजार रुपये होने से गुरुग्राम में करीब 3 लाख नए सदस्य जुड़ने की उम्मीद
गुरुग्राम, 19 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के तहत अनिवार्य कवरेज की वेतन सीमा 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह करने की मंजूरी दी गई है। इस निर्णय से गुरुग्राम में करीब 3 लाख अतिरिक्त कर्मचारियों के ईपीएफओ से जुड़ने की उम्मीद है। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (गुरुग्राम पूर्व) डॉ. अर्चना जानू ने बताया कि वेतन सीमा बढ़ने से 15,000 से 25,000 रुपये मासिक वेतन पाने वाले बड़ी संख्या में कर्मचारी ईपीएफओ के दायरे में आएंगे। इससे उन्हें भविष्य निधि बचत के साथ-साथ कर्मचारी पेंशन योजना और कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना का लाभ भी मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। इससे रोजगार के औपचारीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा भी मजबूत होगी।उन्होंने बताया कि ईपीएफओ की वेतन सीमा अंतिम बार सितंबर 2014 में संशोधित की गई थी। अब इसे 25,000 रुपये किए जाने से बदलते वेतन स्तर और बढ़ते औपचारिक रोजगार के अनुरूप सामाजिक सुरक्षा का दायरा और व्यापक होगा।







