सैनिकों के बलिदान से सुरक्षित है देश, युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में देना चाहिए योगदान : राव इंद्रजीत सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 21 सितंबर

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को गांव डाबोधा में बलिदानी सूबेदार नरेश कुमार की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और समृद्धि में सैनिकों तथा उनके परिवारों का योगदान सर्वोपरि है। हमारे वीर जवान अपने प्राणों की परवाह किए बिना देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिसके कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बलिदानी सूबेदार नरेश कुमार की शहादत क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने शहीद के परिजनों, गांव की सरदारी, पूर्व एवं वर्तमान सरपंचों, जनप्रतिनिधियों तथा दूर-दराज से पहुंचे पूर्व सैनिकों और नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी तथा बावल विधायक डॉ कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से पूरी तरह दूर रहें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर देश सेवा के लिए स्वयं को तैयार करें।

उन्होंने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं

और उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। युवाओं को सेना में भर्ती होकर राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। यदि युवा नियमित व्यायाम, खेल और अनुशासित जीवन को अपनाएंगे तो वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनेंगे और भविष्य में सेना, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा करने में सक्षम होंगे।

इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरपर्सन दीपाली चौधरी,
एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच,डीएचबीवीएन से कार्यकारी अभियंता गौरव चौधरी, भाजपा गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, जिला परिषद के उप प्रमुख संजीव कुमार, पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र हब्लू नंबरदार, जिला पार्षद यशपाल, मार्केट कमेटी पटौदी के अध्यक्ष मनोज मोकलवास तथा सचिव विपिन यादव, बीडीपीओ नरेश कुमार, डाबोधा की सरपंच बीरमति देवी, सरपंच एकता एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं दौलताबाद के सरपंच अजीत यादव, नरेंद्र पहाड़ी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें